अमर उजाला ब्यूरो
फ तेहपुर। वायरल फीवर के बाद डेंगू और स्वाइन फ्लू की दस्तक से लोगों में दहशत है। मच्छर जनित बीमारियों की रोकथाम में सेहत महकमा फेल साबित हो रहा है। जिले में डेंगू के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। शनिवार को देवीगंज मोहल्ले के युवक को डेंगू की पुष्टि हुई है। कानपुर सीएमओ से डेंगू की पुष्टि होने से महकमे में भी हड़कंप है।
जिले के विधातीपुर, कौंडर, बौंडर, रानीपुर, मुंजी कुआं, सरकंडी, राशी का डेरा, सांतो सुल्तानपुर, एकारी, मिश्रामऊ, बड़ाहार गांवों में बीमारी फैली है। एक दिन पहले छिछनी गांव में डेंगू मरीज की पुष्टि होने पर शनिवार को स्वास्थ्य टीम पहुंची।
डेंगू मलेरिया सेल के आशीष कुमार ने बताया कि गांव में एंटी लारवा और फागिंग कराते हुए निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। सीएमओ डॉ. विनय कु मार पांडेय ने बताया कि डेंगू के मरीजों का अध्ययन किया जा रहा है। मरीज के परिजनों से बात की गई है वह कानपुर के एक निजी नर्सिंग होम में हैं। उनके वापस आते ही मुहल्ले में भी निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।
अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बारा के डॉ. एमएस खान व फार्मेसिस्ट सुभाष चंद्र ने खजुहा ब्लाक के सुल्तानगढ़ गांव पहुंचकर मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। टीम ने दिनभर में 130 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इसमें नरेंद्र, सीमा, राम किशोर, गंगादीन, गुलाब सिंह, देवेंद्र, सुखदेव, सोनम, देशराज आदि मरीजों के खून की जांच की। चिकित्सकों ने बताया कि सभी मरीजों को दवाएं दी है और गांव में एंटी लार्वा का छिड़काव किया गया है।
फोटो नंबर 11
अब देवीगंज में मिला डेंगू का मरीज
जिले में नहीं कम हो रहा बीमारी का कहर