अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। जिला अस्पताल तिराहे का सुंदरीकरण होगा। नगर पालिका परिषद ने इसके लिए 16 लाख रुपये का प्रस्ताव तैयार किया है। इसे अनुमोदन के लिए डीएम के पास भेजा गया है। उधर, काम शुरू करने के लिए शनिवार को नगर पालिका की दुकानों के सामने का अतिक्रमण हटाकर निर्माण के लिए जमीन खाली कराई गई।
जिला अस्पताल के सामने जीटी रोड पर दिन भर जाम की समस्या रहती है। जाम का दूसरा कारण दोनों पटरियों पर अतिक्रमण भी है। जाम की समस्या के निस्तारण के लिए नगर पालिका परिषद ने तिराहे का सुंदरीकरण कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रक्रिया प्रारंभ भी कर दी गई है। शनिवार को तिराहा मोड़ के आसपास चेयरमैन प्रतिनिधि हाजी रजा के सामने अतिक्रमण प्रभारी दिलशाद अली की टीम ने अतिक्रमण हटवाया। सामने खड़े पेड़ हटा दिए गए। सड़क पटरी पर नाला दुकानों के सीढ़ियों के नीचे से निर्माण कराया गया है।
अवर अभियंता निर्माण राजेंद्र वर्मा ने बताया कि सुंदरीकरण में आने वाले 16 लाख के खर्च के प्रस्ताव की पत्रावली अनुमोदन के लिए डीएम के यहां भेजी जा चुकी है।
बाधक बिजली के पोल हटेंगे
फतेहपुर। तिराहे के सुंदरीकरण में बिजली के तीन पोल बाधक हैं। इनका इस्टीमेट तैयार कराकर नगर पालिका परिषद ने बिजली विभाग के खाते में 82 हजार रुपये जमा कर दिए हैं। माना जा रहा है कि दो से तीन दिन में पोल हटा दिए जाएंगे।
हरिहरगंज पुल के नीचे कल हटेगा अतिक्रमण
फतेहपुर। नगर पालिका परिषद की नजरें अतिक्रमणकारियों के प्रति टेढ़ी हो गई हैं। रेलवे ओवरब्रिज के नीचे देवीगंज में अतिक्रमण हटाने के बाद अब हरिहरगंज में ब्रिज के नीचे अतिक्रमण हटाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। दो दिन से पुल के नीचे अतिक्रमण स्वयं हटाने के लिए एनाउंस हो रहा है। 12 फरवरी को सुबह 10 बजे से यहां पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलेगा। अतिक्रमण प्रभारी दिलशाद अली ने बताया कि टीम को जो भी सामग्री मिलेगी उसे नगर पालिका जब्त कर लेगी।