औंग। पांडु नदी का अचानक जलस्तर बढने व बहाव तेज होने से ग्रामीण चिंतित दिखाई देने लगे हैं। नदी में करीब 5-6 फुट पानी ऊपर आ गया है। इससे कटान भी तेज हो गया है। तटवर्ती क्षेत्र की करीब 10 बीघा फसल जलस्तर बढने से डूब गई है।
मलवां ब्लाक के अभयपुर ग्राम पंचायत के अवसेरी खेड़ा, जाड़े का पुरवा, बिंदकी फारम के ग्रामीणों के खेत पांडु नदी दोनों ओर हैं। दूसरी जगहों पर बेमौसम बारिश से यहां नदी का जलस्तर बढ़ गया है। साथ में निचली गंगा नहर का पानी भी नदी में आ रहा है। इससे नदी का बहाव तेज हो रहा है। जाड़े के पुरवा के किसान गोपी पटेल ने बताया कि तीन दिन में करीब पांच से छह फुट पानी ऊपर आ गया है। इससे बिंदकी फारम के योगेंद्र पाल, जगतपाल, बागीस, रामदास, मोतीला, रवि पाल के खेतों मेें कटान हो रहा है। अवसेरी खेड़ा के रामकृपाल, रामकिशन, राहुल और जाड़े का पुरवा में राजू, रामपति, कपूरे, दिनेश जोगिंदर, गोपी पटेल के खेतों में पानी के तेज बहाव से कटान हो रहा है। पांडु नदी की बाढ़ में जाड़े के पुरवा निवासी राजू का मकान 2018 में बह गया था। उनका परिवार झोपड़ी बनाकर गुजर बसर कर रहा है। अभी तक पीड़ित परिवार को आवास नहीं मिला है। बाढ़ के निरीक्षण में तत्कालीन डीएम आंजनेय कुमार सिंह व कारागार राज्यमंत्री जयकुमार सिंह जैकी ने पीड़ित राजू से मिल कर आवास दिलाने का भरोसा दिए थे। झोपड़ी में राजू की मां इंद्रावती, पिता शिवगोपाल अपना जीवन यापन कर रहे हैं।
------------