अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। ंबेसिक शिक्षा विभाग ने आगरा विश्वविद्यालय से बीएड डिग्रीधारक चार शिक्षकों को नोटिस दिया था। इन पर फर्जी डिग्री से नौकरी हासिल करने का आरोप है। तीन शिक्षकों ने नोटिस का जवाब दिया है, लेकिन एक शिक्षक ने अभी तक जवाब नहीं भेजा है।
आगरा विश्वविद्यालय से फर्जी डिग्री बांटने का पर्दाफाश होने के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने ऐसे शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। सचिव बेसिक शिक्षा परिषद से जारी ऐसे शिक्षकों की सीडी सूची में चार शिक्षक जिले में कार्यरत हैं। इनमें अमौली ब्लाक के उच्च प्राथमिक स्कूल कापिल में आशीष उत्तम, भिटौरा ब्लाक के जगतपुर गांडा प्राथमिक स्कूल की संगीता देवी, हसवा ब्लाक के प्राथमिक स्कूल लढौली में अखिलेश कुमार तथा विजयीपुर ब्लाक के प्राथमिक स्कूल खैरी रावतपुर में वेदप्रकाश शिक्षक की नौकरी कर रहे हैं।
चारों शिक्षकों को एक दिसंबर को बेसिक शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी कर सप्ताह भर में जवाब मांगा था। इनमें अखिलेश कुमार ने अभी जवाब नहीं दिया है। शेष तीन के जवाब बीएसए कार्यालय आ चुके हैं।
बीएसए शिवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि आगरा विश्वविद्यालय के डिग्रीधारक शिक्षकों पर कार्रवाई सचिव बेसिक शिक्षा परिषद के यहां से शुरू हुई है। उन्हीं के निर्देश पर जिले के चारों शिक्षकों को नोटिस जारी किया था, जो भी शिक्षक जवाब देंगे, वे सचिव बेसिक शिक्षा परिषद को भेज दी जाएगी। कार्रवाई भी वहीं से तय होगी।
तीन शिक्षकों ने दिया जवाब
शिक्षा विभाग ने चार शिक्षकों को दिया था नोटिस
जवाब देने के लिए दिया था हफ्ते भर का समय