अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर।
सहकारिता विभाग की समितियों के चुनाव का बिगुल बज गया है। शासन से चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। 29 जनवरी 2018 को समितियों के प्रबंध कमेटी संचालकों का चुनाव होगा। अगले दिन 30 जनवरी को सभापति और उपसभापति के लिए चुनाव कराया जाएगा। समितियों की अनंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 जनवरी को होगा।
समितियों के चुनाव की घोषणा होते ही हलचल बढ़ गई है। इस चुनाव में करीब 50 हजार समिति सदस्य वोट डाल सकेंगे। सहकारी समितियों की प्रबंधक कमेटी का चुनाव पांच साल में होता है। प्रत्येक समिति की प्रबंध कमेटी में 10 संचालक और उसी में एक सभापति व एक उपसभापति चुना जाता है।
निर्वाचित संचालक ही सभापति व उपसभापति को चुनेंगे। जिले में इस समय 70 सहकारी समितियां संचालित हैं। इन समितियों की प्रबंध कमेटी का कार्यकाल 30 अक्तूबर को समाप्त हो चुका है। नई प्रबंध कमेटी गठन के लिए अब चुनाव कराया जाएगा। शासन स्तर से चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। निर्वाचित होने वाले संचालकों में से ही सभापति और उपसभापति चुने जाएंगे। चुनाव वाले दिन ही मतगणना हो जाएगी।
45 दिन पहले बने सदस्य ही डाल सकेंगे वोट
सहकारी समिति चुुनाव में अधिसूचना जारी होने से 45 दिन पहले बनने वाले सदस्य ही वोट डाल पाएंगे। इससे कम समय में सदस्य बनने वाले मतदाता चुनाव में इस बार वोट नहीं डाल पाएंगे।
गाइड लाइन से ही होंगे चुनाव
जिला सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता प्रभारी सीएल प्रजापति ने बताया कि चुनाव आयोग ने एक दिसंबर से अधिसूचना जारी कर दी है। समितियों के चुनाव शासन की गाइड लाइन के अनुसार कराया जाएगा। चुनाव कराने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
43 समितियों में नहीं होंगे चुनाव
सहकारिता प्रभारी ने बताया कि जिले में कुल 113 समितियां थीं। इनमें 70 जगह चुनाव होना है। 43 समितियों मेें चुनाव नहीं होंगे। यह गबन के आरोप में बंद हैं। इनका मामला कोर्ट में विचाराधीन है।
सहकारी समिति चुनाव का बिगुल बजा
प्रबंध कमेटी के संचालकों का 29 जनवरी को होगा चुनाव
अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व डेलीकेट 30 जनवरी को बनाए जाएंगे