फतेहपुर। होली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने तीन दुकानों पर छापा मारा। यहां से 600 किलो रंगीन कचरी और 71 किलो सरसों का तेल जब्त किया। चार खाद्य नमूने भी जांच के लिए संग्रहित किए गए हैं।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी राजेश कुमार दीक्षित के नेतृत्व में टीम ने सौंरा मलवां स्थित गीता फूड प्रोडक्ट्स से रंगीन कचरी का एक नमूना लिया। साथ ही 600 किलो कचरी जब्त की। इसकी अनुमानित कीमत 21 हजार रुपये बताई गई। चौक खागा स्थित जमील अहमद के प्रतिष्ठान से सरसों के तेल के दो नमूने लेकर 58 किलो तेल जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 9,280 रुपये है।
वहीं मनीष प्रताप सिंह के प्रतिष्ठान से 13 किलो सरसों का तेल जब्त किया गया। इसकी अनुमानित कीमत 2,470 रुपये आंकी गई। संग्रहित सभी नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई के दौरान कारोबारियों को खाद्य सामग्री ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने, शुद्ध और गुणवत्तायुक्त खाद्य उत्पाद बेचने, व्यक्तिगत स्वच्छता का पालन करने और बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार न करने के निर्देश दिए गए।