फतेहपुर। अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम (आरटीई) के तहत गैर सहायता प्राप्त मान्यता प्राप्त विद्यालयों में 25 प्रतिशत आरक्षित सीटों पर प्रवेश के लिए द्वितीय चरण की आवेदन प्रक्रिया जारी है। इस चरण में आवेदन करने का सात मार्च अंतिम दिन निर्धारित किया गया है।
जिले के 886 गैर सहायता प्राप्त व मान्यता प्राप्त विद्यालयों में आरटीई के तहत बच्चों को आरक्षित सीटों पर प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए दूसरे चरण में ऑनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं।
शुक्रवार तक इस चरण में कुल 558 आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सभी आवेदनों का सत्यापन कराया जाएगा। इसके बाद नौ मार्च को लॉटरी के माध्यम से बच्चों का चयन किया जाएगा।
लॉटरी में चयनित बच्चों को 11 मार्च को विद्यालय आवंटित किए जाएंगे। इसके बाद उन्हें आगामी शैक्षिक सत्र में संबंधित विद्यालयों में प्रवेश दिया जाएगा।
बेसिक शिक्षाधिकारी भारती त्रिपाठी ने बताया कि द्वितीय चरण में आवेदन करने का शनिवार को अंतिम अवसर है। इसके बाद आरटीई के तहत तृतीय चरण की आवेदन प्रक्रिया 12 मार्च से शुरू की जाएगी।