अमर उजाला ब्यूरो
चौडगरा (फतेहपुर)। धक्का से ट्रक स्टार्ट करवाते समय गुटका (लकड़ी का ब्लाक) हट जाने से खलासी दोनों ट्रकों के बीच पिसकर मर गया। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। परिजनों के आने पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
इलाहाबाद में कोरांव थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर निवासी रमेश का बेटा अमित कुमार (20) गांव के ट्रक चालक पुजारी के साथ खलासी था। दोनों दिल्ली से भाड़ा लादकर कोलकाता जा रहे थे। शनिवार को कल्यानपुर थाना क्षेत्र के रेवाड़ी पेट्रोल पंप के पास एक ट्रक स्टार्ट नहीं हो रहा था। मदद मांगने पर पुजारी ने अमित से ट्रक के पहिए के आगे गुटका लगाने को कहा। ट्रक से धक्का दिलाने के लिए खलासी लकड़ी का बड़ा गुटका (ब्लाक) लगाने पहुंचा। वह दोनों ट्रकों के बीच खड़ा था तभी चालक ने धक्का लगाने के लिए अपने ट्रक को बैक किया। गुटका हट जाने से खलासी दोनों ट्रकों के बीच दब गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पुलिस पहुंची।
थानेदार अरविंद सिंह गौर ने बताया कि हादसा खुद के ट्रक से हुआ है। इस वजह से चालक पुजारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।