फतेहपुर। जिले में सामूहिक विवाह कराने के लिए समाज कल्याण विभाग ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। पांच सौ महिलाओं और कन्याओं ने सामूहिक विवाह में प्रतिभाग के लिए आवेदन किए हैं। 20 जनवरी को सभी नगर पालिका, पंचायत और ब्लॉक क्षेत्र में सामूहिक विवाह के आयोजन होंगे।
विभाग हर साल जिले में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन कर रही महिलाओं और युवतियों के सामूहिक विवाह कराता है। सरकार की ओर से प्रति आवेदक को 51 हजार रुपये मिलते हैं। इसमें 35 हजार रुपये आवेदक के बैंक खाते में पहुंचते हैँ और 10 हजार रुपये का उन्हें जरूरी सामान मिलता है। जबकि छह हजार रुपये आयोजन का खर्च होता है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में विभाग को 1498 आवेदकों के विवाह कराने का लक्ष्य मिला। दिसंबर में विभाग ने 741 विवाह कराए। वहीं अब 20 जनवरी को फिर से सामूहिक विवाह का आयोजन होगा। इसके लिए 500 आवेदन हो चुके हैं। समाज कल्याण अधिकारी अवनीश कुमार ने बताया कि आवेदकों की जांच के बाद उनका विवाह संपन्न कराया जाएगा।