फतेहपुर। निचली गंगा नहर प्रखंड के अंतर्गत सोनारी राजबहा के किनारे बने पेंटेड सर्विस रोड का नवीनीकरण और पुनर्लेपन कराया जाएगा। विभाग ने इसके लिए बजट जारी कर दिया है। यह कार्य किलोमीटर 12.600 से 15.850 के बीच कराया जाएगा। इस पर करीब 47.55 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे आवागमन सुगम होगा। लंबे समय से जर्जर हो चुके इस सर्विस रोड की मरम्मत की मांग ग्रामीण कर रहे थे।
निचली गंगा नहर प्रखंड के अधिशासी अभियंता सुंदर लाल वर्मा ने बताया कि किलोमीटर 12.600 से 14.500 तक सर्विस रोड के नवीनीकरण और पुनर्लेपन पर 28.93 लाख रुपये खर्च होंगे। वहीं किलोमीटर 14.600 से 15.850 के बीच इसी कार्य के लिए 18.62 लाख रुपये की लागत निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि सड़क के दुरुस्त होने से राजबहा किनारे बसे गांवों के लोगों और किसानों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। क्षेत्र के रामनरेश सिंह ने बताया कि सड़क लंबे समय से खराब होने के कारण आने-जाने में परेशानी होती है। सड़क बन जाने से लोगों को राहत मिलेगी।
शिवम तिवारी ने कहा कि किसान खेतों तक जाने के लिए इसी रास्ते का इस्तेमाल करते हैं। ऐसे में सड़क ठीक होने से ट्रैक्टर और अन्य वाहनों का आवागमन आसान हो जाएगा। कमलेश ने बताया कि कई जगह सड़क उखड़ चुकी है और बारिश के समय स्थिति और खराब हो जाती है। मरम्मत होने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।