छिवलहा। घर से निकले किसान की रविवार सुबह करंट लगने से मौत हो गई। किसान दांत के डाक्टर के पास गया था। क्लीनिक बंद होने से वह सामने टीन शेड के नीचे बैठने जा रहा था। पास ही बिजली पोल में करंट उतरा था। हाथ लगाते ही किसान करंट की चपेट में आ गया। उसकी तड़पकर मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
हथगाम थाना क्षेत्र के पलिया गांव निवासी मैकू(60) दांत के दर्द से पीड़ित थे। सुबह इलाज कराने छिवलहा मोड़ पर डेंटल क्लीनिक गए थे। क्लीनिक न खुला होने पर सामने बंद होटल के तख्त पर बैठने जा रहे थे। वहां टीनशेड के पास पोल को पकड़ते ही करंट लग गया। चीख सुन आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। इलाकाई लोगों की सूचना
पर परिजन पहुंचे। परिजनों में कोहराम मच गया। किसान के दो बेटे फूलचंद्र और मूलचंद्र दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। किसान पट्टे में मिली दो बीघे जमीन पर खेतीबाड़ी करता था। पत्नी मैकी देवी बेहाल हो गई। परिजनों ने बताया कि बेटों के आने के बाद अंतिम संस्कार किया जाएगा।
करंट की चपेट में आकर किसान की मौत
हथगाम थाना क्षेत्र के पलिया गांव का निवासी था
डेंटल क्लीनिक के पास विद्युत पोल में उतरा था करंट
अमर उजाला ब्यूरो