फतेहपुर। दीपावली और छठ जैसे बड़े त्योहारों के मद्देनजर रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुविधा के लिए खास तैयारी की है। रेलवे स्टेशन पर अब 40 अतिरिक्त स्पेशल ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया गया है। इससे त्योहारों पर सफर करने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिली है।
पहले स्टेशन पर करीब 55 ट्रेनों का ठहराव होता था जो अब बढ़कर 90 से अधिक हो गया है। रेलवे अधिकारियों के अनुसार इस पहल से दिल्ली, मुंबई, बनारस, गोरखपुर, गुजरात और चित्रकूट जैसे प्रमुख शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को काफी सहूलियत मिल रही है।
त्योहारों के दौरान ट्रेनों में भारी भीड़ के चलते टिकट बुकिंग और सीट की उपलब्धता को लेकर अक्सर दिक्कतें होती थीं लेकिन अब उसमें भी कमी आई है।
रेलवे पीआरओ अमित सिंह ने बताया कि त्योहारों में यात्रियों की संख्या बढ़ जाती है। इसे देखते हुए 40 स्पेशल ट्रेनों का अस्थायी ठहराव स्टेशन पर किया गया है। इसका उद्देश्य स्थानीय यात्रियों को सुगम और समयबद्ध यात्रा उपलब्ध कराना है।