फतेहपुर। पुआल जलाने वाले 40 किसानों को प्रशासन ने सूचीबद्ध किया है। इनमें 14 किसानों से 32 हजार 500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। 26 किसानों पर रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। इससे पुआल जलाने वाले किसानों में दहशत दिखाई देने लगी है।
हवा में फैल रहे प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट ने पुआल जलाने पर प्रतिबंध लगाया है। प्रदेश सरकार के निर्देश पर डीएम ने ब्लाक स्तरीय टीम गठित कर किसानों को चिन्हित करने और जुर्माना वसूलने को कहा है। सदर के न्यायिक तहसीलदार चंद्रशेखर यादव ने नायब तहसीलदार डॉ. संतराज सिंह व विकास पांडेय के साथ हसवा का निरीक्षण किया। वहां पर किसान आमिल हसन के खेत में पुआल जलता पाया। किसान के खिलाफ पुआल जलाने की कार्रवाई की गई। डीएम संजीव सिंह ने बताया कि सदर तहसील में 23 किसानों को चिन्हित किया गया है। इनसे 57 हजार 500 रुपये जुर्माना की कार्रवाई हुई है। इसमें सात किसानों ने 17 हजार 500 रुपये जुर्माना जमा कर दिया है। बिंदकी तहसील में 13 किसानों पर 27 हजार 750 रुपये का जुर्माना हुआ है और तीन किसानों ने 7500 रुपये जुर्माना जमा किया है। खागा तहसील में चार किसान पुआल जलाते हुए सूचीबद्ध किए गए हैं। इनसे 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया है।
फतेहपुर। डीएम संजीव सिंह ने पुआल जलाने पर अंकुश लगाने के लिए ब्लाक स्तरीय टीम गठित की है। प्रत्येक ब्लाक में एक-एक अधिकारियों को नामित किया गया है। डीएम ने बताया कि अमौली ब्लाक में उप संभागीय कृषि प्रसार बिंदकी आईके त्रिवेदी, देवमई ब्लाक में तहसीलदार बिंदकी, खजुहा ब्लाक में एसडीएम बिंदकी प्रहलाद सिंह, मलवां ब्लाक में उप कृषि निदेशक अनिल कुमार पाठक, भिटौरा ब्लाक में भूमि संरक्षण अधिकारी रा जला आरपी कुशवाहा, तेलियानी ब्लाक में एसडीएम सदर प्रमोद झा, बहुआ ब्लाक में तहसीलदार सदर विदुषी सिंह, असोथर ब्लाक में जिला कृषि रक्षा अधिकारी सत्येंद्र सिंह, हसवा ब्लाक में जिला कृषि अधिकारी बृजेश सिंह, हथगाम ब्लाक में भूमि संरक्षण अधिकारी बबलू कुमार, ऐराया ब्लाक में एसडीएम खागा विजय शंकर तिवारी, विजयीपुर ब्लाक में जिला उद्यान अधिकारी रामसिंह, धाता ब्लाक में तहसीलदार खागा शशि भूषण मिश्र को प्रभारी नामित किया गया है।