फतेहपुर। संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिले की तीनों तहसीलों में हुआ। 317 लोगों ने शिकायतें दर्ज कराई और इनमें मात्र 28 शिकायतों का निस्तारण हुआ।
खागा प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में एसपी प्रशांत वर्मा ने लोगों की समस्याएं सुनी। यहां पर 136 लोगों ने शिकायत दर्ज कराई और तहसीलदार शशिभूषण मिश्रा ने 15 का निस्तारण कराया। मांझखोर के मजरा रसूलपुर सानी के अवध बिहारी, ओमप्रकाश, राजकरन ने जले ट्रांसफार्मर को बदलवाने की शिकायत दर्ज कराई। सदर तहसील में 76 शिकायतें दर्ज की गई और सात का मौके पर निस्तारण हुआ। एसडीएम प्रमोद झा ने मौके पर जाकर शिकायतों का वरीयता से निस्तारण कराने के निर्देश दिए। बिंदकी प्रतिनिधि के अनुसार तहसील सभागार में सीडीओ सत्यप्रकाश ने संपूर्ण समाधान दिवस में समस्याएं सुनी। यहां पर 108 शिकायतें दर्ज हुई और छह का मौके पर निस्तारण हुआ। शाहजहांपुर के शंकरलाल ने शिकायत में कहा कि सड़क निर्माण में जमीन अधिग्रहण की गई है और अभी तक उसके मुआवजे की धनराशि नहीं मिली है। एसडीएम प्रहलाद सिंह ने कहा कि शिकायतों को मौके पर जाकर वरीयता से निस्तारण कराएं। किसी भी फरियादी को दोबारा तहसील दिवस में न आना पड़े।
खागा तहसील परिसर में कैंप लगाकर दी गई सुविधाएं
खागा। तहसील परिसर में समाधान दिवस के अवसर कैंप लगाकर अलग-अलग योजनाओं की सुविधाएं दी गईं। स्वास्थ्य विभाग ने कैंप में 20 निशक्तजनों के प्रमाण पत्र बनाए। इसी क्रम में आयुष आपके द्वार कार्यक्रम के तहत त्वचा रोग, सांध्यवाद, ज्वार, ह्रदय रोग, कमजोरी, पित्त के 102 मरीजों की जांच कर दवा दी गई। इसी क्रम में पूर्ति विभाग ने पांच लाभार्थियों को नए राशनकार्ड दिए और दस के कार्डों का संशोधन किया।
प्रधान की शिकायत
खागा। विजयीपुर ब्लॉक के दरियामऊ गांव की रहने वाली नूरजहां पत्नी रमजान ने खागा तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शिकायत करते हुए बताया कि उसने अपनी ग्राम सभा में हुए कार्यो को लेकर जांच की मांग की थी। जांच में प्रधान पर कई आरोप सिद्ध भी हुए, लेकिन उसके बाद भी दोषी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है।