खागा। बाइक से घर लौट रहे मौरंग कारोबारी की बुधवार रात बोलेरो की टक्कर से मौत हो गई। सीएचसी में डाक्टरों ने घायल कारोबारी को मृत घोषित कर दिया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक घटनास्थल पर हेलमेट नहीं मिला है।
खागा कोतवाली क्षेत्र के विजयनगर मोहल्ला निवासी मान सिंह के बेटे उत्तम सिंह (45) बाईपास में मौरंग का कारोबार करते थे। बाइक से रात को घर लौटते वक्त रास्ते में पीछे से तेज रफ्तार बोलेरो ने टक्कर मार दी। उत्तम उछलकर रोड पर कई फीट दूर गिर गए। हादसा देखकर आसपास के लोग पहुंचे। सीएचसी में डाक्टरों के मृत
घोषित करने पर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। परिजनों ने बताया कि उनके दो बेटे अंशुमान सिंह, मनु और एक आठ साल की बेटी स्वाती है। पत्नी सुधा का रो-रो कर हाल बेहाल हो गया। परिवार मूल रूप से धाता थाने के सियाड़ीपट्टी गांव का है। कोतवाल सुरेश चंद्र ओमहरे ने बताया कि घटनास्थल में हेलमेट नहीं मिला है। टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।
फोटो संख्या एवं परिचय
34- फाइल फोटो उत्तम सिंह
बोलेरो की टक्कर से मौरंग कारोबारी की मौत
- बुधवार रात बाइक से घर लौटते वक्त हुआ हादसा
- मौके पर नहीं मिला हेलमेट, वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
अमर उजाला ब्यूरो
------------
नाली विवाद में दंपति पर हमला
- लोहे की रॉड से पति का सिर फोड़ा
- पत्नी को घसीटकर लात-घूसों से पीटा
अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। नाली खोदने के विवाद में दंपति पर हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया गया। रॉड से पति का सिर फोड़ दिया। बचाने पहुंची पत्नी को गिरा कर पीटा। पीड़ित पक्ष ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर एसपी से गुहार लगाई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के राधानगर मोहल्ला निवासी मनोज कुमार अग्रहरि के घर के सामने संजय पांडेय का मकान है। मनोज ने बताया कि उन्होंने घर के सामने पड़ोसी संजय से नाली खुदवाने पर एतराज जताया। इस पर संजय ने अपने भाई संतोष व भतीजे प्रिंस के साथ हमला बोल दिया। सिर में लोहे की रॉड से प्रहार किया। सिर फूटने से वह लहूलुहान हो गया। मारपीट देखकर पत्नी विमला देवी बचाने आ पहुंची। आरोपियों ने उसे भी नहीं बख्शा। पत्नी को घसीट-घसीट कर लात-घूसों से पीटा। घटना की 100 नंबर पर सूचना दी गई। पुलिस मौके पर आई। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की और एक आरोपी संजय का शांति भंग में चालान कर इतिश्री कर ली। इसके बाद धमकी मिलने पर घायल मनोज गुरुवार को एसपी के पास पहुंचा। कोतवाली पुलिस पर तहरीर बदलाने का आरोप लगाया। आरोपी पक्ष के धमकाने और पुलिस के कार्रवाई न करने की शिकायत की। एसपी ने कोतवाली पुलिस को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
------------
फोटो- 35- एसडीएम के सामने नक्शा देखते महरहा रोड के लोग।
नापजोख में पक्षपात पर हंगामा
नक्शा देखने के बाद एसडीएम ने फिलहाल नापजोख रुकवा दी
अमर उजाला ब्यूरो
बिंदकी। नगर के महरहा रोड में पीडब्लूडी ने अतिक्रमण अभियान के लिए नापजोख तेज किया तो हंगामा हो गया। पक्षपात का आरोप लगाकर लोगों ने एसडीएम से मुलाकात की। नक्शा देखने के बाद एसडीएम ने फिलहाल नापजोख रुकवा दी है।
गुरुवार को पीडब्ल्यूडी कर्मियों ने सुबह लगभग 11 बजे नगर के महरहा रोड में अतिक्रमण हटाओ अभियान के लिए नाप शुरू की। बीच सड़क से एक और कहीं छह मीटर तो कहीं आठ मीटर की नाप ली जा रही थी। नाप करते समय पीडब्लूडी के कर्मचारी तथा नगर के लेखपाल मौजूद थे। नाप करते-करते जैसे ही टीम थोड़ा आगे बढ़ी तो लोगों में नाराजगी फैलने लगी। गुस्साए लोगों ने नाप बंद करा दी और तहसील परिसर में एसडीएम के पास पहुंच गए। नापजोख में मुंह देखा व्यवहार करने की शिकायत की। कहीं छोड़ा जा रहा है तो कहीं निशान लगाया जा रहा है। ऐसी स्थिति में विवाद खड़ा हो सकता है। एसडीएम ने फिलहाल नाप बंद करा दिया। उन्होंने कहा कि वह मौके का निरीक्षण करेंगे और पीडब्लूडी अधिकारियों से बात करेंगे। इसके बाद ही कोई निर्णय लिया जाएगा। दूसरी ओर एसडीएम सुशील कुमार गोंड का कहना है कि कोई खास मामला नहीं था। कुछ लोगों को नाप को लेकर आपत्ति थी। मौका खुद देखने के बाद नए सिरे से नाप होगी। इस मौके पर महरहा रोड के सौरभ गुप्ता, सुरेंद्र कुमार, विष्णु गुप्ता, सत्यम, सुनीता गुप्ता, वीनू गुप्ता, रामकिशन गुप्ता, दिनेश कुमार, रमेश कुमार, सुरेश चंद्र, विवेक कुमार, राजू गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा व राजकुमार भी रहे।