अमर उजाला ब्यूरो
अमौली (फतेहपुर)। होली में हर वर्ष की तरह इस बार भी ग्रामीणों ने चांदपुर में चांदमारी के आयोजन की तैयारी की थी लेकिन पुलिस ने अनुमति न होने की वजह से रोक लगा दी। इससे ग्रामीणों में नाराजगी है। वहीं, कारागार राज्यमंत्री जय कुमार जैकी और पूर्व सांसद राकेश सचान ने भी नाराजगी जताई है।
चांदपुर कस्बे में शनिवार को शाम चार बजे से चांदमारी (एक मटकी में बंदूक से निशाना लगाने की परंपरा) होना था। आयोजन स्थल पर पहुंचकर थानाध्यक्ष रमेश पटेल ने चांदमारी कराने से मना किया। मंत्री जयकुमार जैकी ने फोन से डीएम से वार्ता की। डीएम के निर्देश पर एसडीएम बिंदकी हरिहरराम और सीओ जाफरगंज प्रभात राय पहुंचे और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। मंत्री जयकुमार जैकी ने कहा कि कई अफसर अभी सपा मानसिकता पर कार्य कर रहे हैं।
वहीं, पूर्व सांसद राकेश सचान ने नाराजगी जताते हुए कहा कि जब हर वर्ष परंपरा है तो इस बार क्यों रोक लगाई गई? यदि अनुमति की बात थी तो प्रशासन को पहले बताना चाहिए था तो अनुमति ली जाती। चांदमारी के आयोजन में ग्रामीण अपने घरों से बंदूक आदि लेकर जाते हैं और निशाना लगाते हैं जो निशाना लगा लेता है उसे इनाम मिलता है। हालांकि जब चांदमारी का आयोजन नहीं हो पाया तो ग्रामीणों ने मटकी को तोड़ दिया।