पुराने काम को नया दिखा भुगतान कराया
फतेहपुर। विजयीपुर ब्लाक के टेनी गांव में निर्माण कार्य में फर्जीवाड़े की शिकायत ग्रामीणों ने एसडीएम से की है। इनका कहना है कि पुराने काम को नया दिखाकर फर्जी भुगतान करा लिया गया। इन्होंने जांच कराकर कार्रवाई की मांग की है।
क्षेत्र पंचायत सदस्य पवित्रा देवी, ग्राम पंचायत सदस्य विद्या देवी के साथ ही गांव के रामबाबू सिंह, यज्ञदत्त वैैद्य, तेज प्रताप सिंह व शंकर प्रसाद ने शिकायत की है। इनका कहना है कि पक्की सड़क से शिवपूजन के खेत तक मिट्टी की पुराई, भूसी तारा तालाब की खोदाई, गदालोड तालाब में कच्चा बंध, ब्रह्मदेव तालाब की खुदाई के साथ पांच स्थानों पर खड़ंजा, नाली और एक पुलिया के निर्माण में नाम पर कई लाख का घपला किया गया है। इस कथित काम में करीब 85 मजदूरों को भुगतान किया गया है। वास्तव में यह कार्य हुए ही नहीं हैं।
वहीं इस मामले में एसडीएम अवनीश राय का कहना है कि शिकायती पत्र के आधार पर तहकीकात कराई जा रही है। खामियां मिलने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
- ग्रामीणों ने एसडीएम से शिकायत की, जांच की मांग