फतेहपुर। कंस्ट्रक्शन फर्म में साझीदार बनाने और मुनाफा दिलाने का झांसा देकर हार्डवेयर कंपनी के स्टेट हेड से 31 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगा है। सदर कोतवाली पुलिस ने फर्म संचालक के खिलाफ धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कलक्टरगंज आरके पुरम निवासी गौरव पांडेय एक हार्डवेयर कंपनी में स्टेट हेड हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि कलक्टरगंज निवासी राजेश तिवारी से उनकी पूर्व परिचित थी। राजेश युवराज कंस्ट्रक्शन एवं सप्लायर फर्म चलाते हैं। उन्होंने गौरव को फर्म में साझीदार बनाने और मुनाफा दिलाने का झांसा दिया।
इसके बाद वर्ष 2024 और 2025 के बीच गौरव ने अपने, पत्नी अंकिता, पिता राकेश कुमार पांडेय और मां पूर्णिमा पांडेय के खातों के अलावा क्रेडिट कार्ड से राजेश और उसके बताए खातों में करीब 55 लाख 32 हजार 508 रुपये भेजे।
आरोप है कि रकम मांगने पर राजेश ने कई बार में कुछ रुपये लौटा दिए हैं। हालांकि अभी तक 31 लाख की रकम बकाया है। रकम मांगने पर राजेश ने उन्हें 50 हजार रुपये के फर्जी लेनदेन में फंसाने की कोशिश की।
कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि गौरव पांडेय की तहरीर पर राजेश तिवारी के खिलाफ सोमवार को धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। दोनों मामलों की विवेचना की जा रही है।