फतेहपुर। दिल्ली आयकर विभाग में बाबू की नौकरी का झांसा देकर एक युवक से दो लाख 69 हजार रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
खखरेरू थाना क्षेत्र सोथरापुर निवासी विकास सिंह ने बताया कि जुलाई 2021 में प्रयागराज के नकासकोना मोहल्ले में अमित श्रीवास्तव से मुलाकात हुई थी। नौकरी के लिए अमित श्रीवास्तव व अंकुर सिंह से बातचीत हुई। दोनों ने आयकर विभाग नई दिल्ली में बाबू पद में नौकरी लगवाने का आश्वासन दिया। अमित श्रीवास्तव और कौशांबी पश्चिम शरीरा चंपहा बाजार निवासी अंकुर सिंह ने खाते में नौकरी के एवज में दो लाख 80 हजार रुपये व 20 हजार नकद लिए। इस दौरान चार बार नई दिल्ली भेजा और फिर बुला लेते रहे। नौकरी नहीं लगने पर रुपये वापसी का दबाव बनाया। उसके खाते में अमित ने 31 हजार रुपये वापस किए। बाकी दो लाख 69 हजार रुपये हड़प लिए हैं। प्रभारी निरीक्षक बीएल प्रसाद ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज की गई है।