कस्बे में भवन श्रम निर्माण कर्मकार बोर्ड द्वारा संचालित सहायता योजना के तहत श्रम विभाग ने करीब 244 मजदूरों को साइकिल वितरित की। साइकिल पाकर मजदूर खुशी से झूम उठे। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार सभी गरीब, किसान और मजदूरों के हितों की योजनाएं चला रही है। सरकार सभी वर्गो के आर्थिक विकास के लिए प्रयासरत है। हरदासपुर, जाम, शेखपुर, शुकुलपुर, गढ़ा, चंदापुर, कोट, डेंडासई, सिठियानी, पलवाहार और खखरेरू सहित करीब दो दर्जन ग्राम पंचायतों के मनरेगा मजदूरों को साइकिले दी गई हैं। साइकिलों का वितरण जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश यादव, एसडीएम बलराम सिंह, जिला पंचायत सदस्य नरसिंह पटेल, सतेंद्र सिंह, सपा नेता विपिन यादव और तौफीक अहमद ने किया। श्रम प्रवर्तन अधिकारी रामसुरेश ने बताया कि यह योजना पूरे जिले में चल रही है। सभी ब्लाक केंद्रों में कार्यक्रम आयोजित करके साइकिलें दी जाएंगी।