फतेहपुर। जिले में रविवार को पहली बार एलटी ग्रेड की परीक्षा हुई। कुल 27 परीक्षा केंद्रों में 12406 लोगों को परीक्षा देनी थी, लेकिन 9033 परीक्षार्थी आए ही नहीं। केवल 3373 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी। अपर जिलाधिकारी और जिला विद्यालय निरीक्षक ने परीक्षा केंद्रों का जायजा लेते हुए परीक्षा पूरी कराई।
माध्यमिक शिक्षा विभाग के सहायक अध्यापक भर्ती परीक्षा सुबह 11.30 से 1.30 बजे तक कराई गई। परीक्षा से पहले गेट पर ही परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्र की जांच की गई और तलाशी ली गई। अपर जिलाधिकारी जेपी गुप्ता ने जीजीआईसी स्कूल पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया। उन्होंने नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए। इसी
प्रकार डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने जय मां सरस्वती ज्ञान मंदिर, सरस्वती विद्या मंदिर, सरस्वती बाल मंदिर रघुवंशपुरम, जीआईसी, मुस्लिम इंटर कालेज में पहुंचकर परीक्षा का जायजा लिया। डीआईओएस ने बताया कि केंद्रों में अभ्यर्थियों की उपस्थिति बहुत कम रही। पूरे प्रदेश का कामर्स का सेंटर यहां बनाया गया था। इसे भी
अभ्यर्थियों के अनुपस्थित होने का कारण माना जा रहा है। अनुपस्थित होने पर महिला अभ्यर्थियों की संख्या अधिक है। परीक्षा में कंप्यूटराइज्ड उत्तर पुस्तिका दी गई। यह आंसर सीट लोक सेवा आयोग इलाहाबाद भेजी गई हैं। वहीं स्टेशन, बस स्टैंडों में स्काउट, गाइड और एनसीसी के कैडेटों ने परीक्षा देने वाले अभ्यर्थियों का मार्ग दर्शन
किया। बिंदकी प्रतिनिधि के अनुसार मां शारदा महाविद्यालय और नेहरू इंटर कालेज में एलटी ग्रेड परीक्षा हुई। हालांकि परीक्षार्थियों की संख्या कम रही। सीसीटीवी कैमरे की नजर में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। एसडीएम सुशील गोंड ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
केवल तिहाई लोगों ने दी एलटी ग्रेड परीक्षा
12406 अभ्यर्थियों में केवल 3373 ही पहुंचे
कड़ी सुरक्षा के बीच 27 केंद्रों में कराई गई परीक्षा