फतेहपुर। सरकारी सब्सिडी पर सोलर पैनल लगवाने का झांसा देकर एक युवक से 20 हजार रुपये की ठगी की। कोर्ट के आदेश पर हुसैनगंज पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के आलमपुर नरही गांव निवासी धर्मराज सिंह ने बताया कि एक अप्रैल को दौलतपुर मजरे आलमपुर नरही निवासी सगे भाई अवधेश विश्वकर्मा, श्यामू विश्वकर्मा, रामबहादुर विश्वकर्मा और उनके दो साथी वैन से गांव आए थे। उन्होंने सरकारी सब्सिडी पर एक किलोवाट का सोलर पैनल, बैटरी और इन्वर्टर उपलब्ध कराने की योजना बताई।
इसके लिए रजिस्ट्रेशन और फाइल चार्ज के नाम पर 20 हजार रुपये जमा कराने को कहा गया। साथ ही एक माह के भीतर पूरा सामान उपलब्ध कराने का भरोसा दिया गया।
धर्मराज के मुताबिक, गांव के मनमोहन सिंह, अंकित सिंह, विपिन सिंह समेत कई लोगों ने रुपये दिए। उन्होंने स्वयं 15 हजार रुपये एक ऑनलाइन पेमेंट एप के माध्यम से और पांच हजार रुपये नकद दिए थे। तय समय बीतने के बाद भी सोलर पैनल नहीं मिला तो उन्होंने अवधेश विश्वकर्मा से संपर्क किया लेकिन वह लगातार टालमटोल करता रहा।
आरोप है कि गांव पहुंचने पर आरोपितों के घर में ताला बंद मिला। इसके बाद पीड़ित ने पुलिस से शिकायत की, लेकिन सुनवाई न होने पर न्यायालय की शरण ली। थानाध्यक्ष आलोक पांडेय ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।