फतेहपुर। वीडीओ की नौकरी दिलाने का झांसा देकर पिता-पुत्रों ने एक बेरोजगार से 20 लाख रुपये ठग लिए। मामले में पुलिस ने बृहस्पतिवार को प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर निवासी अभय सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में मलवां थाना क्षेत्र के उमगरहना निवासी अमित यादव, उसके भाई सुमित यादव उर्फ आशीष यादव और पिता कामता यादव से मुलाकात हुई थी। अमित यादव ने खुद को भाजपा सरकार में प्रभावशाली बताते हुए वीडीओ पद पर नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया और इसके लिए 20 लाख रुपये की मांग की।
पीड़ित ने बताया कि 18 अगस्त 2023 को उसने अमित यादव को 4,45,000 रुपये नकद और शेष रकम खाते में दी। कुछ समय बाद उसे एक नियुक्ति पत्र देकर लखनऊ स्थित एक भवन भेजा गया। यहां जांच में पत्र फर्जी निकला। इसके बाद आरोपी ने दूसरी सूची में नाम आने का भरोसा दिया लेकिन नौकरी नहीं लगी।
आरोप है कि आरोपियों ने 7.50 लाख रुपये के दो चेक दिए। इन्हें छह माह बाद लगाने को कहा गया लेकिन बैंक में लगाने पर दोनों चेक बाउंस हो गया। विरोध करने पर 29 जून 2025 को अमित यादव ने फोन पर गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित का आरोप है कि तीनों आरोपियों ने मिलकर उससे 20 लाख रुपये ठग लिए। कोतवाल हेमंत मिश्रा ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच की जा रही है।