बिंदकी(फतेहपुर)। सीएचसी में नई डिजिटल एक्स रे मशीन आए 21 दिन हो चुके हैं लेकिन अभी तक उसे चालू नहीं किया गया है। मशीन गत्ते में पैक रखी है। मरीज अभी भी प्राइवेट सेंटरों में महंगे दामों पर जांच कराने को मजबूर हैं।
सीएचसी में लंबे समय से पुरानी सामान्य एक्सरे मशीन थी, जो पुरानी होने के कारण अक्सर खराब भी रहती थी। जिसे बार-बार रिपेयर कराना पड़ता था। वहीं सीएचसी में इस एक्स रे मशीन से फिल्म निकालने के लिए केमिकल ना होने के कारण पिछले तीन महीनों से एक्स-रे सुविधा पूरी तरह से बंद थी। बिंदकी सीएचसी में प्रतिदिन लगभग 8 से 10 मरीज एक्स-रे के लिए आते हैं। जिन्हें बाहर निजी एक्सरे सेंटर में जाकर 250 से 300 रुपये तक खर्च करके एक्सरे कराना पड़ रहा है। नौ सितंबर को सीएचसी में लोगों के लिए डिजिटल एक्स-रे मशीन मंगवाई गई थी। जो अभी तक एक्स-रे कक्ष में चालू नहीं की गई। यह मात्र शोपीस बन कर रह गई है।
सीएचसी बिंदकी के चिकित्सा अधीक्षक सुनील कुमार चौरसिया ने बताया कि नई डिजिटल एक्स-रे मशीन को लगवाने के लिए एक्स-रे कक्ष का उसके मानक के अनुसार निर्माण कार्य कराने का काम शुरू करा दिया गया है। जल्द ही एक्सरे सुविधा शुरू कर दी जाएगी।