फतेहपुर। एक जैसे नामों का फायदा उठाकर प्रधानमंत्री आवास योजना में गड़बड़ी करने के मामले में मुख्य विकास अधिकारी चांदनी सिंह ने जांच कमेटी गठित कर दी है। मामले की तह तक जाने के लिए उन्होंने प्रकरण की पड़ताल की जिम्मेदारी ग्राम्य विकास अभिकरण के पीडी और डीएसटीओ को दी है।
14 जनवरी के अंक में अमर उजाला ने प्रधानमंत्री आवास योजना में खेल शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। जिसमें प्रधान, पंचायत सचिव एवं खंड विकास अधिकारी कार्यालय की आपसी मिलीभगत से प्रधानमंत्री आवासों के बंदरबांट का मामला उजागर किया गया था।
दरअसल असोथर विकास खंड के जिवकरा ग्राम पंचायत में सुमित्रा पत्नी रामखेलावन के नाम आया आवास सुमित्रा पत्नी मेवालाल को, राजकुमारी पत्नी धर्मराज के आवास को शारदा पत्नी धर्मराज को, सितलू पुत्र सुखदेव के आवास को बदलू पुत्र सुखदेव को दे दिया गया। इस मसले को संज्ञान में लेते हुए सीडीओ ने प्रकरण की जांच पीडी अशोक निगम और डीएसटीओ रामसनेही को दी है।
जांच कमेटी को ग्राम पंचायत जाकर पीएम आवासों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश दिए गए हैं। सीडीओ ने बताया जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पीडी और डीएसटीओ करेंगे पड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो