अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। बोर्ड परीक्षा के प्रवेश पत्रों में प्रधानाचार्यों की मनमानी से गड़बड़ी सामने आई है। कक्षा नौ और 11 के पंजीयन के फार्मों का अच्छी तरह से मिलान नहीं किया गया। हाईस्कूल एवं इंटर के 36 स्कूलों के परीक्षार्थियों के प्रवेश पत्रों में विषय गलत अंकित हो गया है। डीआईओएस ने विषय संशोधित करने के लिए तीन सदस्यीय कमेटी बनाई है। यह कमेटी मंगलवार से दो फरवरी तक विषयों का संशोधन करेगी। उधर, गलती करने वाले 36 प्रधानाचार्यों से डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्टीकरण मांगा है।
कक्षा नौ और कक्षा 11 के पंजीयन फार्मों में अंकित विषय ही हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रवेश पत्रों में अंकित होते हैं। विषय संशोधन के लिए प्रधानाचार्य को संशोधन फार्म भरवाना होता है। इसके बावजूद तीन दर्जन स्कूलों के प्रधानाचार्यों ने संशोधन फार्म नहीं भरवाया है। ऐसे में इन स्कूलों के प्रवेश पत्रों में गलत विषय अंकित होकर आए हैं। पीड़ित परीक्षार्थी डीआईओएस दफ्तर के चक्कर लगा रहे हैं। संशोधन के लिए बनी कमेटी में राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लहंगी के प्रधानाचार्य उदय प्रभात को प्रभारी बनाया गया है।
कमेटी में भारती विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हेमंत त्रिपाठी, जीआईसी के सहायक अध्यापक उमाशंकर वर्मा को सहायक बनाया गया है। तीनों सदस्य मंगलवार को स्काउट भवन में बैठकर प्रवेश पत्रों के विषय संशोधित करेंगे और प्रवेश पत्र की एक प्रति रिकार्ड में सुरक्षित करेंगे। डीआईओएस ने बताया कि संतोषजनक स्पष्टीकरण न मिलने पर प्रधानाचार्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।