अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। थरियांव जीटी रोड पर सोमवार को सड़क हादसे में एक वृद्ध की मौत हो गई। वहीं, अन्य दुर्घटनाओं में महिला समेत चार लोग घायल हुए हैं। घायलों को परिजनों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।
थरियांव थाने के एकारी गांव निवासी रामसजीवन (75) अविवाहित थे। वह अपने छोटे भाई रामखेलावन के साथ रहते थे। परिजनों ने बताया कि रामसजीवन सोमवार को उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय बड़ौदा ग्रामीण बैंक शाखा बिलंदा में पासबुक में इंट्री कराने गए थे। दोपहर करीब ढाई बजे लौटते समय जीटी रोड में कस्बे के अंदर गिट्टी उतारने के बाद एक ट्रक बैक हो रहा था। राम सजीवन उसी की चपेट में आ गए। टक्कर लगने से वह गिरे और ट्रक का पहिया पैरों पर चढ़ गया। लोगों ने शोरगुल मचाया तो चालक ट्रक लेकर भाग निकला। घटनास्थल पर भीड़ एकत्र हो गई और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस पहुंची तब तक मौत हो चुकी थी। पुलिस ने लिखा पढ़ी कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वृद्ध के भतीजे सुरेश गुप्ता ने थाने में अज्ञात चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।
उधर, थरियांव थाना क्षेत्र के सुधवां गांव निवासी मनीष (50) रविवार रात साइकिल से गांव जा रहे थे। थरियांव के पास ट्रक की टक्कर से घायल हो गए। तीसरी घटना में गाजीपुर थाने के कंजरनपुर निवासी राजबहादुर (40) गांव के समीप बाइक से गिरकर घायल हो गए। इनके पास हेलमेट नहीं मिला। शहर के पीरनपुर निवासी लक्ष्मी नारायण का बेटा अनिल (30) रविवार रात पैदल सड़क पार करते समय ट्रक की चपेट में आकर घायल हो गया। शहर के सैय्यदबाड़ा निवासी बुचूनी की पत्नी कलुइया (75) बाकरगंज में लखनऊ रोड पर टेंपो से उतरते समय वाहन की चपेट में आने से घायल हो गईं। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।