अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। जिला बार एसोसिएशन का चुनावी बिगुल बज गया है। एल्डर कमेटी ने सुरेंद्र सिंह चौहान को मुख्य निर्वाचन अधिकारी के साथ छह अधिवक्ताओं को सहायक निर्वाचन अधिकारी नियुक्त किया है। इसके साथ ही 23 मार्च को चुनाव की तिथि तय कर दी है। मतगणना दूसरे दिन 24 मार्च को होगी।
एल्डर कमेटी ने संतोष कुमार दीक्षित, हरवंश सिंह चौहान, चंद्रप्रकाश मिश्रा, जितेंद्र सिंह (उदईसरांय), अनिल कुमार सिंह, हरिश्चंद्र सभी एडवोकेट सहायक निर्वाचन अधिकारी नामित किया गया है। सदस्यता शुल्क जमा करने के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी की जिम्मेदारी रवढींद्र सिंह परमार, अजय श्रीवास्तव, अजीत शर्मा, हनुमंत शरण सिंह, श्रवण कुमार शुक्ला को सौंपी गई है। सदस्यता शुल्क जमा करने के लिए 15 फरवरी से 28 फरवरी तक का समय तय किया गया है। अनंतिम सूची का प्रकाशन पांच मार्च को शाम चार बजे होगा। सूची पर आपत्तियां छह मार्च को ली जाएंगी। सात मार्च को आपत्तियों का निस्तारण होगा। आठ मार्च को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
उम्मीदवार का नामांकन 12 व 13 मार्च की शाम चार बजे तक होंगे। नामांकन के अंतिम दिन शाम पांच बजे तक नामांकन सूची का प्रकाशन किया जाएगा। नामांकन वापसी की तिथि 15 मार्च को शाम चार बजे तक है। अंतिम उम्मीदवारों की सूची इसी तिथि को शाम पांच बजे घोषित की जाएगी।