अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। ऐरई मौरंग खनन मामले में निलंबित एसओ राजेश कुमार सिंह को शासन के निर्देश पर बहाल कर दिया गया है।
धाता थाने के ऐरई मौरंग खनन प्रकरण में निलंबित एसओ को 25 दिन बाद बहाल हो गए। शासन ने 27 दिसंबर को एसडीएम अमित भट्ठ, सीओ सुरेंद्र सिंह, एसओ राजेश कुमार सिंह को खनन के प्रकरण में निलंबित किया था। मामले की पंचम तल में शुरू जांच के दौरान डीजीपी सुलखान सिंह ने पुलिस का खनन से किसी तरह का वास्ता न रखने के आदेश का तर्क रखा। जिसे जून माह में ही उनकी ओर से जारी किया गया था। पुलिस का काम सिर्फ खनन की जांच व कार्रवाई के दौरान राजस्व व खनन विभाग की टीमों को सुरक्षा प्रदान करने तक सीमित किया था।
आदेश का इलाकाई पुलिस ने शत प्रतिशत पालन किया। इसी आधार पर तत्कालीन एसओ राजेश कुमार सिंह को शासन ने हरी झंडी दे दी। उनका कुछ ही दिनों में आने वाली इंस्पेक्टर की प्रमोशन सूची में नाम होने की संभावना है। ऐसे प्रकरण में फंसे होने की वजह से उनका नाम बंद लिफाफे में जा सकता था। इस वजह से उनके लिए बहाली खास है।