बच्ची को बचाने में टेंपो पलटा, पांच घायल
फतेहपुर। सुल्तानपुर घोष थानाक्षेत्र में सराय गांव के पास एक बच्ची को बचाने में टेंपो पलट गया। हादसे में पांच लोग घायल हो गए। इलाकाई लोगों की मदद से सभी को अस्पताल भेजा गया।
सुल्तानपुर घोष गांव निवासी भोले प्रसाद (12) पुत्र बच्चीलाल अपनी बहन की चौथी लिवाने उसकी ससुराल ऐरायां मसायक गांव गए थे। परिवार के रामभवन (50), धनराज (40), रवि कुमार (10) तथा बहन आरती (19) टेंपो में बैठकर गांव लौट रहे थे।
टेंपो हथगाम-प्रेमनगर मार्ग पर सराय गांव के पास मंगलवार शाम पांच बजे एक बच्ची के सड़क पर आ जाने से उसे बचाने में पलट गया। राहगीरों ने टेंपो में फंसे पांचों व्यक्तियों को बाहर निकाला। टेंपो चालक दुर्घटना के बाद वाहन समेत भाग निकला। एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सीएचसी हथगाम में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद सीएचसी से रामभवन को गंभीर चोट के चलते सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
- सरायं गांव के पास हुई घटना, एक रेफर