अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। जिले में सड़क हादसों में बीते 24 घंटे के भीतर चार लोगों की मौत हो गई। करीब 12 लोग घायल हुए हैं। इनमें एक बुजुर्ग ने हादसे के एक महीने बाद अस्पताल में दम तोड़ा।
धाता थाना क्षेत्र के बमरौली गांव निवासी रमेश पासवान का बेटा सर्वजीत (12) गुरुवार रात अपने चाचा अशोक कुमार के साथ मछली बेचकर बाइक से घर लौट रहा था। चाचा-भतीजे की बाइक में गांव के पास ही एक ट्रैक्टर ने टक्कर मार दी। हादसे में सर्वजीत की मौत हो गई। अशोक गंभीर घायल हुए। इनके पास हेलमेट नहीं मिला। इधर, हुसैनगंज थाना क्षेत्र के भोलापुर गांव निवासी चरण यादव(35) को सुनाई नहीं देता था। वह जिला अस्पताल के सामने चाय की दुकान में कु छ घंटे काम पर जाता था। काम से शाम को वापस नवीन मार्केट लौट रहा था। बिंदकी बस अड्डे की ओर जा रहे ट्रक ने उसे हार्न दिया। न हटने पर साइकिल में पीछे से टक्कर मार दी। वह गिरने पर ट्रक के पहिए के नीचे आ गया और मौत हो गई।
दूसरी ओर मलवां थाना क्षेत्र के वहिदापुर गांव निवासी प्यारेलाल (30) ट्रैक्टर चालक ट्रक की टक्कर से अल्लीपुर मोड़ के पास हादसे में घायल हो गए थे। उनकी कानपुर ले जाते वक्त गुरुवार रात मौत हो गई। वह मालिक सुशील के साथ ट्रैक्टर में घर निर्माण की सामग्री लेकर जा रहे थे। ट्रैक्टर के मुड़ने पर पीछे से ट्रक जा घुसा था। हादसे में चालक और मालिक दोनों घायल हुए थे। चालक की मौत से पत्नी चुनकी देवी और दो बच्चों में कोहराम मच गया। ललौली थाना क्षेत्र के बस्तापुर गांव निवासी मोहम्मदपुर निवासी रामदास (60) एक माह पहले सड़क पार करके खेत जा रहे थे। तभी बुलेट सवार की टक्कर से घायल हो गए थे। उनकी इलाज के दौरान शुक्रवार को सांसें थम गईं।
खागा कोतवाली क्षेत्र के हरदो निवासी रामचंद्र अपनी पत्नी रामादेवी के साथ बाइक से खागा जा रहे थे। बाइक से गिरकर उनकी पत्नी घायल हो गईं। हुसैनगंज थाना क्षेत्र के आंबी गांव निवासी संकठा प्रसाद व राकेश को बाइक से शहर आते वक्त कोतवाली क्षेत्र के चौफे रवा के पास ट्रक ने टक्कर मार दी। जिला अस्पताल में राकेश की हालत नाजुक देखकर कानपुर रेफर किया गया।
इनके पास हेलमेट नहीं मिला। रायबरेली जिले के मझगांव निवासी ललित कुमार पुलिस लाइन में जवान हैं। पीएसी मोड़ में बाइकों की भिड़ंत में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। हेलमेट नहीं मिला। कल्यानपुर थाना क्षेत्र के पिलखनी निवासी एक परिवार के धर्मेंद्र, कल्लू, विजय कुमारी व गीता कार से गाजीपुर थाना क्षेत्र के सिमौर गांव बीमार रिश्तेदार को देखने जा रहे थे।
बडनपुर के पास पिकप से भिड़ंत में चारों लोग घायल हो गए। बांदा टांडा मार्ग पर सदर कोतवाली क्षेत्र के ढकौली गांव के पास खड़े ट्रक में पीछे से गिट्टी लदा ट्रक जा घुसा। हादसे में मिर्जापुर जिले के अलाहट निवासी तेजूराम का बेटा राजा ट्रक खलासी गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं चालक सुनील निवासी बनारस को मामूली चोट लगी है। दोनों को समाजसेवी अशोक तपस्वी ने एंबुलेंस से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। घायल राजा को कानपुर रेफर किया गया है।
- शहर में ट्रक ने साइकिल सवार नि:शक्त को कुचला
- ट्रैक्टर की टक्कर से भतीजे की मौत, चाचा घायल
- दुर्घटना में घायल दो लोगों ने अस्पताल मेें दम तोड़ा