अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। राष्ट्रीय मतदाता दिवस गुरुवार को मनाया गया। शिक्षण संस्थाओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। कलक्ट्रेट के गांधी मैदान में जिले के अफसरों के साथ शत प्रतिशत मतदान करने की शपथ ली। जागरूकता प्रतियोगिताओं के टॉप-थ्री प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। प्रदेश स्तर की प्रतियोगिता में जिले का नाम रोशन करने वाले दो प्रतिभागियों को प्रमाणपत्र और कैप-टी शर्ट के साथ नकद इनाम भी दिया गया।
विभिन्न शिक्षण संस्थाओं से सुबह रैली निकलीं। स्लोगन लिखी पट्टिकाएं लेकर एक-एक वोट की कीमत बताते चल रहे थे। कलक्ट्रेट के गांधी मैदान में सभी ने मताधिकार की शपथ ली। कलक्ट्रेट कैंपस में मतदाता शपथ दिलाने के बाद डीएम ने प्रदेश स्तर की क्विज प्रतियोगिता मेें जिले का नाम रोशन कर पहले और दूसरे स्थान पर रहे शुकदेव इंटर कालेज खागा के छात्र नवनीत श्रीवास्तव और आदित्य साहू को टीशर्ट-कैप, दो-दो हजार रुपये का नकद इनाम देते हुए प्रशस्ति प्रत्र दिया। इस मौके पर सीडीओ एसपी आनंद, एडीएम न्यायिक जेपी गुप्ता, एसडीएम प्रेम प्रकाश तिवारी, डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह, भी मौजूद रहे।