यूरिया की बढ़ी डिमांड, कालाबाजारी तेज
फतेहपुर। यूरिया खाद की डिमांड बढ़ते ही कालाबाजारी शुरू हो गई है। किसानों से एक बोरी यूरिया में 40 से 50 रुपये अधिक लिए जा रहे हैं। किसी भी दुकान में इससे कम पर खाद नहीं मिल रही है। मजबूरी में किसानों को अधिक दाम पर खाद खरीदनी पड़ती है। दुकानदार खाद खरीदने वाले किसानों को बिक्री रसीद भी नहीं देते हैं।
प्रशासन जिले में खाद के बढ़े रेट पर अंकुश लगाने में नाकाम है। धान की रोपाई कर चुके किसानों को अब खाद का छिड़काव करना है। दो दिन से हो रही रिमझिम बारिश ने खाद की बिक्री बढ़ा दी है। मौसम खुलते ही किसान खाद खरीदने के लिए दुकानों में पहुंच जाते हैं।
मवइया गांव के किसान जयकरन सिंह का कहना है कि शहर के पक्का तालाब में दुकानदार 375 रुपये की एक बोरी यूरिया खाद दे रहे हैं। धान की फसल को हरीभरी बनाने के लिए अधिक दाम पर खाद खरीदनी पड़ी। शिवपुर गांव के किसान पप्पू लोधी ने बताया कि धान की फसल में छिड़काव करने के लिए 20 बोरी यूरिया खरीदनी है। थरियांव में दुकानदार 360 रुपये से 375 रुपये में एक बोरी दे रहे हैं। मजबूरी में अधिक दाम पर खाद खरीदनी पड़ेगी।
जिला कृषि अधिकारी अमर सिंह ने बताया कि 327 रुपये में एक बोरी यूरिया की बिक्री का रेट है। कोई दुकानदार अधिक रेट में खाद बेच रहा है तो उसकी सूचना मेरे मोबाइल नंबर 9235629458 पर दें। अधिक रेट पर खाद बेचने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा। टीम गठित कर दुकानों में छापेमारी की जाएगी।
- 40 से 50 रुपये अधिक दाम में बिक रही खाद
अमर उजाला ब्यूरो