घर से गई लड़की को भेजा नारी निकेतन
फतेहपुर। गांव के एक लड़के पर बेटी को ले जाने का आरोप लगाने वाले पिता ने इलाकाई पुलिस पर आरोपी को सहयोग देने का आरोप लगाया। एसपी से मिलकर कहा कि बेटी को नारी निकेतन भेज दिया गया है जबकि आरोपी को पांच दिन से थाने में बैठा रखा गया है। उस पर कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। उधर, पुलिस का कहना है कि लड़का उसके पास नहीं है। लड़की भी खुद चल कर आई थी। उसने कहा है कि वह खुद गई थी। उसे कोई भगा नहीं ले गया था।
यह मामला ललौली थाना क्षेत्र के एक गांव का है। गांव के अनुसूचित जाति बिरादरी के शख्स ने सोमवार को एसपी कवींद्र प्रताप सिंह से मिलकर पुलिस पर आरोपी को सहयोग देने का ठीकरा फोड़ा। बताया कि 15 मई को उनकी बेटी को गांव का ही चुल्लू नाम शख्स ले गया था। वह एक सोने के कुछ जेवरात और 10 हजार रुपये भी ले गई थी। पुलिस ने 20 मई को प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज की थी। 31 मई को बेटी और आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। बेटी को नारी निकेतन भेज दिया है लेकिन आरोपी को थाने पर ही बैठा रखा गया है। मांग की कि इलाकाई पुलिस की इस करतूत की जांच करा कर उचित कार्रवाई की जाए। इस मामले में कार्यवाहक थाना इंचार्ज मुमताज ने बताया कि लड़की खुद थाने चलकर आई थी। लड़की ने बयान दिया है कि वह अपनी मर्जी से गई थी क्योंकि उनके घरवाले उसका विवाह उसकी मर्जी से नहीं करना चाहते थे। कोर्ट में बयान के बाद स्थिति अपने आप साफ हो जाएगी। लड़के को थाने पर बैठाने का आरोप निराधार है।