फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने बोर्ड परीक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी है। पांच मार्च को जीआईसी संकलन केंद्र से उत्तर पुस्तिकाएं मूल्यांकन के लिए भेजी जाएंगी। गैर जनपदों से आने वाली कापियों का जिले की तीन केंद्रों में आठ मार्च से मूल्यांकन शुरू होगा। मूल्यांकन 15 दिन में खत्म करने की समय सीमा तय है।
परीक्षा खत्म होते ही माध्यमिक शिक्षा विभाग ने उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन की तैयारी शुरू कर दी है। जीआईसी संकलन केंद्र से कापियां मूल्यांकन के लिए पहुंचाने के लिए डीआईओएस ने चार राजकीय शिक्षकों की ड्युटी लगाई है। इनमें राजकीय इंटर कालेज अर्जुनपुर गढ़ा के अखिलेश अग्रहरि व सुरजीत, राजकीय उच्चतर
माध्यमिक स्कूल उदई सरांय के संतोष कुमार गौड़, राजकीय उच्चतर माध्यमिक स्कूल बबई के सहायक अध्यापक संदीप कुमार शामिल हैं। इनके अलावा आठ चपरासी भी इस काम के लिए लगाए गए हैं। इनमें ओमप्रकाश, सुरेंद्र सिंह, रामनारायन, बीरेंद्र पाल, बनवारी लाल, ओमप्रकाश द्वितीय, जुगुल किशोर, शिवलाल शामिल हैं। माध्यमिक
शिक्षा परिषद ने राजकीय इंटर कालेज फतेहपुर का इंटरमीडिएट तथा राजकीय बालिका इंटर कालेज फतेहपुर व सदाशिव इंटर कालेज रेलबाजार को हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन केंद्र बनाया है। गैर जिलों मूल्यांकन के लिए आने वाली कापियां तय केंद्र में सीधी पहुंचाई जाएंगी। डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि अभी तक कार्यालय में कापियों का आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है। आवंटन प्राप्त होने पर परीक्षक और प्रधान परीक्षकों का आवंटन कर दिया जाएगा। परीक्षक और प्रधान परीक्षकों की सूची तैयार है। केवल आवंटन शेष है।
फतेहपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा शनिवार को इंटरमीडिएट के अंग्रेजी के प्रश्नपत्र के साथ खत्म हो गई। परीक्षा के अंतिम दिन दूसरी पाली में 2065 परीक्षार्थी गैरहाजिर थ। परीक्षा के अंतिम दिन इंटरमीडिएट अंग्रेजी विषय के 22751 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 20686 परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 2065 परीक्षार्थी गैरहाजिर थे।