अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर।
खागा रेलवे स्टेशन पर कान में लीड लगाकर रेलवे ट्रैक पार कर रहा युवक मालगाड़ी की चपेट में आने से कट गया। जेब में मिले मोबाइल और आधार कार्ड से उसकी शिनाख्त हुई। युवक घर से दिल्ली जाने के लिए निकला था। घटना शनिवार रात की है।
खखरेरू थाना क्षेत्र के डेडासही गांव निवासी अरुण कुमार का बेटा योगेंद्र कुमार (25) दिल्ली में सिलाई का काम करता था। अरुण ने बताया कि बेटा घर से शाम को दिल्ली प्रयागराज एक्सप्रेस सेे जाने के लिए निकला था।
खागा स्टेशन पर फतेहपुर पहुंचने के लिए इंटरसिटी ट्रेन का इंतजार कर रहा था। जीआरपी ने फोन पर बताया कि ट्रैक पार करते वक्त उसकी मालगाड़ी से कटकर मौत हो गई। जीआरपी एसओ विमलेश मौर्या ने बताया कि युवक के पास आधार कार्ड, पैन कार्ड, नेपाल का एक नोट, टिकट, पर्स और क्षतिग्रस्त मोबाइल मिला था।
सिम के सहारे परिजनों को खबर दी गई थी। हादसे के वक्त वह कान में लीड लगाए था। ट्रेनों को हरी झंडी देने वाले ने रोका भी लेकिन वह नहीं सुना और मालगाड़ी की चपेट में आ जाने से मौत हो गई।
कान में लीड लगा ट्रैक पार कर रहा युवक मालगाड़ी से कटा
दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करता था, ट्रेन का कर रहा था इंतजार