अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। खखरेरू थाना क्षेत्र में ससुराल आए युवक की रविवार को करंट लगने से मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
खागा कोतवाली क्षेत्र में हरदों के मजरे नटों का डेरा में दिलदार का घर है। इनके बेटे दिलशाद(25) की ससुराल खखरेरू थानाक्षेत्र के हकीमपुर खंतवा गांव में है। दिलशाद पांच दिन पहले ससुराल गया था। रविवार को अचानक वहां कमरे का पंखा खराब हो गया। पंखा ठीक करते समय करंट की चपेट में आने से दिलशाद झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सीएचसी पहुंचे। यहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
इस पर ससुरालीजनों ने दिलशाद के परिजनों को खबर दी। दिलशाद के पिता की तहरीर पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। परिजनों का कहना है कि वह पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक कार्रवाई करेंगे।
वहीं एसएचओ सुनील कुमार सिंह का कहना है कि सब कुछ पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिवार की तहरीर पर निर्भर है। तहरीर मिलने पर पुलिस छानबीन कर कार्रवाई करेगी।
- पंखा ठीक करते समय तार छूने से चपेट में आया