फिर बहुरे बहुआ में बीडीसी के दिन
फतेहपुर। बहुआ ब्लाक प्रमुख फूलमती के खिलाफ पेश हुए अविश्वास प्रस्ताव के बाद बीडीसी सदस्यों के दिन बहुर गए हैं। इन सब के बीच दो धड़ों की सूची में शामिल सदस्य जरूर असमंजस में हैं। ब्लाक प्रमुख पक्ष और अविश्वास प्रस्ताव लाने की अगुवाई करने वाले पक्ष की ओर से इन्हें अपने-अपने पाले में बताया जा रहा है। दोनों पक्ष अपने पाले में ज्यादा सदस्य लाने की हर जुगत अपना रहे हैं।
बहुआ ब्लाक में 86 बीडीसी हैं। पखवारे भर पहले बीडीसी वैशाली की ओर से 62 सदस्य साथ होने का दावा करते हुए अविश्वास प्रस्ताव लाया गया। डीएम मदन पाल आर्य को हलफनामा सौंपा गया। इसके दूसरे दिन ब्लाक प्रमुख फूलमती की तरफ से 63 सदस्य पाले में होने का प्रार्थना पत्र दिया गया।
गुरुवार को वैशाली धड़े ने 46 सदस्यों का हवाला देते हुए अविश्वास प्रस्ताव को फिर से प्रशासन के सामने रखा। इस पर डीएम ने एसडीएम, तहसीलदार और बहुआ बीडीओ की तीन सदस्यीय टीम गठित कर शपथ पत्रों का सत्यापन कराया। शुक्रवार को सत्यापन के दौरान वैशाली की ओर से 37 बीडीसी जांच टीम के सामने पेश हुए। डीएम ने 17 जुलाई को दोपहर एक बजे चर्चा व जरूरत पड़ने पर वोटिंग का समय तय कर दिया। बीडीसी को यह सूचना जारी भी कर दी गई।
इसके बाद से बहुआ ब्लाक की सियासत में जोड़-तोड़ का गणित तेज हो गया है। एक पखवारे के शेष समय को दोनों धड़े किसी भी कीमत पर हाथ से नहीं जाने देना चाहते हैं। सबसे ज्यादा जोर उन सदस्यों पर है, जिनके नाम दोनों धड़ों की सूची में है। यह सदस्य असमंजस में हैं।
इनके सामने ‘किसका साथ दें, किसका नहीं’ के हालात हैं। लिहाजा इनकी ओर से विकल्प भी खुले छोड़ दिए गए हैं। डीएम मदन पाल आर्य का कहना है कि सभी सदस्यों को 17 जुलाई को बुलाया गया है।
- ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव से बने आंखों के तारे, 17 जुलाई को एक बजे होगा ब्लाक प्रमुख के भाग्य का फैसला