फतेहपुर। शहर क्षेत्र के भिटौरा रोड पर शुक्रवार की रात ट्रक की टक्कर से बिजली का पोल टूटकर गिर गया। तार टूटने से आपूर्ति बाधित हो गई। ट्रक के साथ कुछ दूर तक 25 केवीए का ट्रांसफार्मर भी घसीटता चला गया। आनन-फानन सूचना देकर सब स्टेशन से आपूर्ति बंद कराई गई। करीब 13 घंटे बाद आपूर्ति बहाल की जा सकी।
शांतीनगर उपकेंद्र के अंतर्गत भिटौरा रोड के पास शुक्रवार रात लगभग एक बजे एक ट्रक ने खंभे में टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद खंभा टूटकर गिर गया। खंभे में रखा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर ट्रक की चपेट में आकर कुछ दूर तक घिसटता हुआ चला गया। फाल्ट होने से भिटौरा रोड, बिसौली, अलादातपुर गांवों की बत्ती गुल हो गई। करीब ढाई सौ घरों में अंधेरा हो गया। सुबह लोग पानी के लिए भी काफी परेशान हुए। इधर, सुबह देर तक बिजली न आने पर उपभोक्ता शांतीनगर उपकेंद्र पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। शांतीनगर जेई अनिल कुमार टीम के साथ पहुंचे। दूसरा खंभा और ट्रांसफार्मर लगाकर दोपहर लगगभ ढाई बजे बिजली की आपूर्ति चालू की गई। जेई ने बताया कि अब आपूर्ति सामान्य है, फाल्ट ठीक करा लिया गया है।