फतेहपुर। मजदूर अपने जीवन भर मशक्कत से बच्चों को पालता है लेकिन जब बुढ़ापे में उसके कदम थक जाते हैं तो उसके बच्चे उसे छोड़ के चले जाते हैं। मगर देश में अब ऐसा किसी कामगार के साथ नहीं होगा। श्रमिकों को अधिकारियों की ही तरह अपने काम से रिटायर हो जाने के बाद साठ वर्ष की उम्र से प्रतिमाह पेंशन मिलेगी। प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना से सभी को बुढ़ापे में मासिक पेंशन मिलेगी। यह बात केंद्रीय खाद्य एवं प्रसंस्करण राज्यमंत्री और जनपद की सांसद साध्वी निरंजन ज्योति ने विकास भवन में कही।
साध्वी ने प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना के लाभार्थियों को श्रमयोगी कार्ड वितरित किए। श्रम विभाग की ओर से योजना का शुभारंभ विकास भवन के सभागार में किया गया। जिलाधिकारी संजीव सिंह एवं सीडीओ चांदनी सिंह भी साथ रहे। कार्यक्रम का संचालन कर्मचारी राज्य बीमा निगम कानपुर के सामाजिक सुरक्षा अधिकारी नीरज कुमार ने किया। कार्यक्रम में गुजरात से योजना का शुभारंभ कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लाइव प्रसारण किया गया। इसके बाद साध्वी, डीएम और सीडीओ ने दीप जलाकर यहां कार्यक्रम की शुुरुआत की। सहायक श्रमायुक्त सुविज्ञ सिंह ने इस दौरान तीनों अतिथियों से सुमन देवी, श्रीपति लक्ष्मी देवी, अशोक कुमार, अजीत सिंह, सीमा और अरविंद कुमार सहित 45 लोगों को पेंशन पंजीयन कार्ड वितरित किए गए। सहायक श्रमायुक्त सुविज्ञ सिंह ने बताया कि अब तक योजना अंतर्गत 2576 श्रमिका अपना पंजीयन करा चुके हैं। डीएम संजीव सिंह ने कहा कि योजना से जुड़ने के लिए श्रमिक किसी भी जनसुविधा केंद्र में अपना पंजीकरण करा सकते हैं। इस दौरान उन्हें पेंशन में अपने हिस्से की रकम का भुगतान करना होगा। सीडीओ चांदनी सिंह ने कहा कि पंजीकरण के दौरान जनसुविधा केंद्रों को एक भी पाई देय नहीं होगी। श्रमिकों को केवल अपनी पेंशन की धनराशि देनी होगी। कार्यक्रम में सुनील कुमार द्विवेदी श्रम प्रवर्तन अधिकारी, श्रम विभाग के गोविंद लाल गुप्ता, रश्मि दीक्षित, अनुराग त्रिपाठी, शिवम वर्मा, अनिल कुमार, राजीव श्रीवास्तव, अबू सलीम, अशोक कुमार और आनंद गुप्ता भी रहे।
अधिकारियों की तरह श्रमिकों को भी मिलेगी पेंशन- साध्वी
- प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन पेंशन योजना का हुआ शुभारंभ