विजयीपुर (फतेहपुर)। एक गांव की 13 साल की किशोरी को डरा धमकाकर एक व्यक्ति ने छह माह से शारीरिक शोषण कर रहा था। किशोरी के करीब तीन माह की गर्भवती होने के बाद मामले की जानकारी परिजनों को हुई। इसके बाद पिता ने पुलिस में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पाॅक्सो एक्ट, धमकी व दुष्कर्म की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि जिला अस्पताल में डॉक्टर नहीं होने की वजह से किशोरी का मेडिकल परीक्षण नहीं हो पाया।
पुलिस को दी तहरीर में किशोरी के पिता ने आरोप लगाया है कि उनकी 13 वर्षीय पुत्री अक्सर घर के बाहर खेलने जाती थी। कुछ दूर रहने वाले अपने नाना के घर भी जाती थी। रास्ते में आरोपी का मकान है। करीब छह माह पहले आरोपी फुसलाकर पुत्री को अपने साथ घर ले गया और दुष्कर्म किया। किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद किशोरी को डरा धमकाकर अक्सर घिनौना कृत्य करता रहा। उनकी पुत्री करीब तीन माह की गर्भवती है।
पत्नी ने पुत्री का हाल देखकर शनिवार को पूछताछ की तो उसने आपबीती बताई। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने प्रारंभिक जांच की। महिला पुलिस ने किशोरी के बयान दर्ज किए। पुलिस ने रात रिपोर्ट दर्ज कर ली है। प्रभारी थानाध्यक्ष इंद्रपाल सिंह ने बताया कि पूछताछ में छह माह से किशोरी का शारीरिक शोषण किए जाने की बात सामने आई है। आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दुष्कर्म से किशोरी के गर्भवती होने का मामला सामने आया है। आरोपी की तलाश में दबिश दी जा रही है। मेडिकल परीक्षण की कार्रवाई कराई जा रही है। मेडिकल परीक्षण के बाद पीड़िता के कोर्ट में बयान दर्ज कराए जाएगें।
बृजमोहन राय, सीओ