अमर उजाला ब्यूरो
बहुआ (फतेहपुर)। बांदा-टांडा हाईवे पर शनिवार सुबह ट्रक में चढ़ते खलासी की दूसरे ट्रक की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
बाराबंकी जिले सुमेरगंज थाना क्षेत्र के पूरे लाल का पुरवा निवासी सहदेव का बेटा अरविंद (17) गांव के चालक पंकज के साथ ट्रक में खलासी था। बांदा से ट्रक में मौरंग लादकर बाराबंकी जा रहे थे। हाईवे के ललौली थाना क्षेत्र शंकरपुरवा गांव के पास ढाबे से ट्रक चालक, खलासी चाय पीकर निकले। खलासी सड़क की तरफ जाकर ट्रक में चढ़ने लगा। तभी बांदा की ओर जा रहे खाली तेज रफ्तार ट्रक ने खलासी को चपेट में ले लिया। ट्रक काफी दूर तक खलासी को घसीटता ले गया।
ट्रक की खिड़की खलासी के साथ बाहर निकल गई। दुर्घटना के बाद ट्रक भाग निकला। सहदेव ने बताया कि अरविंद उसका बड़ा बेटा था। उसका एक छोटा बेटा पवन व दो बेटियां किरन व अनीता हैं। घटना की खबर से मां रामप्यारी का हाल बेहाल हो गया।