अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। जिला अस्पताल में लंबे समय से एक्सरे टेक्नीशियन का काम देख रहे सर्वेश शुक्ला से यह कार्य छीन लिया गया है। अब इनका काम राजेंद्र कुमार त्रिपाठी को दिया गया है। रिपोर्ट में लगातार हेराफेरी की शिकायतें मिलने के बाद जिला जज और डीएम ने मुख्य चिकित्साधीक्षक को कार्रवाई का निर्देश दिया था।
जिला अस्पताल में मारपीट और हत्या के मामले आते हैं। इसमें मेडिकोलीगल होने पर रिपोर्ट तैयार की जाती है। कोर्ट में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के दौरान कई बार अनियमितताएं सामने आईं।
साथ ही एक्सरे टेक्नीशियन के खिलाफ शिकायतें भी पहुंची। इस पर जिला जज और डीएम ने सीएमएस को एक्सरे टेक्नीशियन का काम सर्वेेश शुक्ला से न कराने के निर्देश दिए। सीएमएस डॉ. हरगोविद ने बताया कि जिला जज और डीएम से बातचीत के बाद कार्रवाई की गई है।
भगवान भरोसे अल्ट्रासाउंड
फतेहपुर। जिला अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट न होने से मरीजों को अल्ट्रासाउंड की सुविधा नहीं मिल पा रही है। ऐसे में मरीजों को प्राइवेट पैथालाजी में सात सौ से आठ सौ रुपये में अल्ट्रासाउंड कराना पड़ रहा है। मंगलवार को अस्पताल में अल्ट्रासाउंड कराने के लिए मरीज बैठे रहे, लेकिन डाक्टर के न होने से लौट गए।
जिला अस्पताल के एक्सरे टेक्नीशियन को हटाया
जिला जज व डीएम ने सीएमएस को दिए थे निर्देश
रिपोर्ट में गड़बड़ी की लगातार मिल रही थी शिकायतें