अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। बादल छाने से अचानक मौसम बदल गया है। पूरे दिन धूप और बादल में लुकाछिपी चलती रही। इससे सुबह-शाम की गलन बढ़ गई है। दोपहर बाद धूप भी बेअसर साबित हुई। लोग जैकेट, स्वेटर पहने हुए सड़कों पर दिखाई दिए। रोडवेज बस और ट्रेन सेवाएं भी धुंध के चलते बाधित रहीं। स्टेशन और बस अड्डे पर यात्री ठंड से परेशान दिखाई दिए।
बादलों के आने से तापमान में गिरावट हो गई। मौसम विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान एक डिग्री कम होकर 25 डिग्री रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 11 डिग्री पर ही रहा। अभी दो से तीन दिन हालात ऐसे ही रहने के आसार हैं। दिल्ली-हावड़ा रूट की ट्रेन भी अपने समय पर स्टेशन नहीं पहुंची।
जयपुर से इलाहाबाद जाने वाली ट्रेन तीन घंटे देरी से स्टेशन पर आई। देहरादून से इलाहाबाद जाने वाली संगम एक्सप्रेस साढ़े तीन घंटे, कालका एक्सप्रेस दो घंटे, पुरुषोत्तम एक्सप्रेस और मुरी चार-चार घंटे देरी से स्टेशन पर पहुंची। तूफान पांच घंटे लेट रही। पूछताछ केंद्र यात्रियों की भीड़ लगी रही।
ठंड की वजह से रोडवेज बसों का संचालन भी बाधित रहा। रात्रि सेवा वाली बसें देर से आईं। यात्री रोडवेज बस अड्डा में बैठकर बसों का इंतजार करते दिखाई दिए। बस अड्डा के आसपास चाय की दुकानों में लोगों की भीड़ लगी रही। चाय की चुस्की से ठंड दूर करने की कोशिश करते देखे गए।
दिन भर धूप और बादल में चली लुकाछिपी
सुबह और शाम बढ़ी गलन, दोपहर बाद धूप बेअसर