- इनके स्थान पर आज बेसिक के शिक्षक करेंगे ड्यूटी
संवाद न्यूज एजेंसी
फतेहपुर। हाईस्कूल गणित की परीक्षा नकलविहीन कराने को लेकर माध्यमिक शिक्षा विभाग संवेदनशील है। इसके लिए रिजर्व समेत सभी छह सचल दल परीक्षा की निगरानी के लिए लगाए गए हैं। फर्जी कक्ष निरीक्षक लगाने वाले परीक्षा केंद्र में बेसिक के 12 शिक्षकों की ड्यूटी कक्ष निरीक्षक के पद पर लगाई गई है।
मंगलवार को पहली पारी में सुबह 8.30 बजे से 11.45 बजे तक हाईस्कूल गणित की परीक्षा होगी। 117 केंद्रों में गणित के 27 हजार 349 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल होंगे। परीक्षा का तीसरा दिन होने के कारण माध्यमिक शिक्षा विभाग नकल विहीन परीक्षा कराने को लेकर पूरी तरह तैयार हो चुका है। पहले दिन हाईस्कूल की परीक्षा में शहर के नामी गिरामी सरस्वती बाल मंदिर इंटर कालेज रघुवंशपुरम के छह फर्जी कक्षनिरीक्षक पकड़े गए थे। एडीएम के आदेश पर इनके खिलाफ मुकदमा दर्ज हो चुका है। ऐसे में इस परीक्षा केंद्र के सभी संदिग्ध शिक्षकों को परीक्षा से बाहर कर दिया गया है। एडीएम के निर्देश पर सोमवार को बेसिक के 12 शिक्षकों की ड्यूटी कक्षनिरीक्षक के पद लगाई गई है। डीआईओएस शिवपूजन द्विवेदी ने बताया कि जिले में नकल विहीन परीक्षा कराना उनका प्रथम उद्देश्य है। अगर किसी केंद्र में गड़बड़ी की सूचना मिलती है, तो केंद्र व्यवस्थापक को डिबार करते मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
.......................