फतेहपुर। रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा देकर एक युवक से पिता-पुत्र ने 12 लाख की रकम हड़प ली। मामले में कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बांदा जिला प्रेमनगर निवासी प्रवीण कुमार गुप्ता ने बताया कि वह गाजीपुर कस्बे में रहते हैं। उनकी ससुराल सदर कोतवाली क्षेत्र के नउवाबाग निवासी गणेश प्रसाद गुप्ता के यहां हैं। ससुराल में शुभम द्विवेदी और उसके पिता अनिल द्विवेदी निवासी बड़ा शिवाला फतेहपुर का आना-जाना था। ससुराल में उसकी मुलाकात दोनों से हुई। शुभम ने कहा कि उसके पिता रेलवे में डॉक्टर हैं और कई लोगों की नौकरी रेलवे में लगवा चुके हैं। कुछ समय बाद शुभम उसके घर गाजीपुर आया। उसे रेलवे में नौकरी दिलाने का झांसा दिया और बदले में 15 लाख रुपयों की मांग की। उसने झांसे में आकर शुभम को तीन लाख रुपये नकद और अपने कागजात दे दिया। धीरे-धीरे उसने शुभम के खाते में 12 लाख 15 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। शुभम ने बताया कि उसका फार्म भर दिया गया है। साक्षात्कार के लिए जब बुलाया जाएगा तो वह बताएगा। 22 नवंबर 2022 को शुभम ने बताया कि प्रयागराज में 23 को साक्षात्कार है। वह 23 नवंबर को प्रयागराज पहुंचा। तभी पता चला कि कोई नौकरी का साक्षात्कार नहीं है। इसके बाद शुभम ने मोबाइल बंद कर दिया। थानाध्यक्ष आनंद पाल सिंह ने बताया कि मामले में कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज की गई है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।