अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। जिले में निकाय चुनाव तीसरे चरण में होगा। 29 नवंबर को दो नगर पालिका और पांच नगर पंचायत के लिए सुबह साढ़े सात बजे से वोट डाले जाएंगे। नामांकन प्रक्रिया चार नवंबर से 10 नवंबर तक चलेगी। 11 नवंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 13 नवंबर को नाम वापस ले सकेंगे। 14 नवंबर को चुनाव चिह्न का आवंटन होगा।
वार्डों के आरक्षण में किसी प्रकार का रद्दोबदल नहीं किया गया है। अधिसूचना जारी होते ही धारा 144 लागू हो गई है। जिले में सदर और बिंदकी नगर पालिका परिषद हैं। जहानाबाद, बहुआ, हथगाम, किशनपुर और खागा नगर पंचायत हैं। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचायत एवं नगरीय निकाय अशोक कुमार तिवारी ने बताया वार्ड आरक्षण को लेकर छह अक्तूबर से 12 अक्तूबर तक मांगी गई आपत्तियाें पर किसी प्रकार का फेरबदल नहीं किया गया है।
नगर पालिका और नगर पंचायत के अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ने वाले की उम्र 30 साल होना जरूरी है। इसी प्रकार इन दोनों निकाय से सभासद पद के लिए दावा करने वाले की आयु सीमा 21 साल से कम नहीं होनी चाहिए। डीएम कुमार प्रशांत ने बताया कि निकाय चुनाव की जिम्मेदारी बांटी जा चुकी हैं। चुनाव निष्पक्ष और शांतिप्रिय माहौल में निपटाया जाएगा।
ढाई लाख से अधिक मतदाता चुनेंगे जनप्रतिनिधि
फतेहपुर। इस बार निकाय चुनाव में दो लाख 57 हजार 631 मतदाता वोट डालेंगे। इनमें एक लाख 36 हजार 262 पुरुष और एक लाख 21 हजार 369 महिलाएं हैं। सदर नगर पालिका में 157562 मतदाता हैं। इसमें 82911 पुरुष और 74651 महिला हैं।
बिंदकी नगर पालिका में 28457 मतदाताआें में 15206 पुरुष व 13251 महिला हैं। खागा नगर पंचायत में 28860 मतदाताओं मेें 15368 पुरुष व 13492 महिलाएं हैं। बहुआ नगर पंचायत में 8656 मतदाताओं में 4680 पुुरुष व 3976 महिलाएं हैं। जहानाबाद नगर पंचायत में 20157 मतदाताओं में 10718 पुरुष व 9439 महिलाएं हैं। किशनपुर नगर पंचायत में 5496 मतदाता हैं। इसमें 2941 पुरुष व 2555 महिलाएं शामिल हैं। इसी प्रकार हथगाम नगर पंचायत के 8443 मतदाता हैं। इनमें 4438 पुरुष व 4005 महिला मतदाता शामिल हैं।
निकाय चुनाव पर एक नजर
नामांकन प्रक्रिया 4 से 10 नवंबर तक
नाम वापसी 12 नवंबर
चुनाव चिन्ह आवंटन 14 नवंबर
मतदान 29 नवंबर
मतगणना- एक दिसंबर
125 वार्ड के लिए होगा मतदान
फतेहपुर। जिले में 125 वार्ड के लिए निकाय चुनाव होगा। सदर नगर पालिका में सबसे ज्यादा 34 वार्ड हैं। सबसे कम वार्ड बहुआ और किशनपुर में 10-10 हैं। बिंदकी नगर पालिका में 25, खागा 18, जहानाबाद 15 और हथगाम में 13 वार्ड हैं।
123 मतदान केंद्रों पर पड़ेंगे वोट
फतेहपुर। जिले में 29 नवंबर को होने वाले निकाय चुनाव के लिए 123 मतदान केंद्र और 375 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। सदर नगर पालिका में 73 मतदान केंद्र व 230 मतदेय स्थल, बिंदकी नगर पालिका में 17 मतदान केंद्र व 46 मतदेय स्थल, खागा नगर पंचायत में 10 मतदान केंद्र व 34 मतदेय स्थल, बहुआ नगर पंचायत में चार मतदान केंद्र व 12 मतदेय स्थल, जहानाबाद नगर पंचायत में नौ मतदान केंद्र व 30 मतदेय स्थल, किशनपुर नगर पंचायत में चार मतदान केंद्र व 10 मतदेय स्थल और हथगाम नगर पंचायत में छह मतदान केंद्र व 13 मतदेय स्थल बनाए गए हैं।