फतेहपुर। मौसम में उतार-चढ़ाव से बीमारियां भी बढ़ रही है। चिलचिलाती धूप और दूषित खानपान से लोग डायरिया का शिकार हो रहे हैं। जिला अस्पताल में उल्टी दस्त और बुखार के रोगियों की संख्या बढ़ी है।
शनिवार को जिला अस्पताल में मरीजों की भीड़ रही। पर्चा काउंटर से लेकर ओपीडी दवा वितरण कक्ष और इंजेक्शन कक्ष में मरीज व तीमारदार बैठे रहे। फिजीशियन डॉक्टर आरएम गुप्ता के कक्ष में भीड़ रही। उन्होंने बताया कि इधर एक हफ्ते से डायरिया व बुखार के मरीज बढ़े हैं। प्रतिदिन साठ से सत्तर मरीज आ रहे हैं। इसी प्रकार बाल
रोग विशेषज्ञ डा. मूलचंद्र के कक्ष में भीड़ रही। चिकित्सक ने बताया कि बच्चों में उल्टी दस्त व बुखार की समस्या अधिक देखी जा रही है। छोटे बच्चों को धूप से बचाने की जरूरत है। सीएमएस डा. प्रभाकर ने बताया कि बीमारियों से निपटने को विभाग तैयार है। डायरिया के मरीजों को दवाएं और ओआरएस दिया जा रहा है।
---------------