अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर। माध्यमिक शिक्षा विभाग ने ऊर्जा संरक्षण के तहत चित्रकला प्रतियोगिता कराने के बाद परिणाम वेबसाइट पर अपलोड न करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी है। ऐसे में 376 माध्यमिक स्कूलों पर कार्रवाई की तलवार लटक गई है। इन सभी स्कूलों को डीआईओएस ने नोटिस जारी की है।
नोटिस में कहा गया है कि ऊर्जा अवार्ड के लिए सभी माध्यमिक स्कूलों में ऊर्जा संरक्षण कार्यक्रम के तहत चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन कराया जाना था। इसके लिए 13 अक्तूबर को डीएम की अध्यक्षता में प्रधानाचार्यों की कार्यशाला का आयोजन किया गया था।
इसमें प्रधानाचार्यों को स्कूलों में चित्रकला प्रतियोगिता संपन्न कराने के बाद यूपी नेडा की वेबसाइट में परिणाम 14 नवंबर तक अपलोड करने के निर्देश थे। अभी तक सिर्फ आठ स्कूलों ने परिणाम अपलोड किए हैं, जबकि जिले में 384 माध्यमिक स्कूल हैं।
डीआईओएस महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि परिणाम अपलोड करने के लिए 20 नवंबर तक का समय बढ़ा दिया गया है। इस दौरान तक परिणाम अपलोड न करने वाले राजकीय और एडेड स्कूलों के प्रधानाचार्यो का वेतन रोक दिया जाएगा। वित्तविहीन स्कूलों को काली सूची में डालने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
डीआईओएस ने 376 प्रधानाचार्यों को दिया नोटिस
वेबसाइट पर प्रतियोगिता का परिणाम अपलोड न करने पर कार्रवाई