बहुआ(फतेहपुर)। ललौली कस्बे के हजरतगंज मोहल्ले में रहने वाले प्रवासी भारतीय के घर रविवार रात चोरों ने धावा बोलकर लाखों के नगदी और जेवर चोरी कर लिए। चोरों ने पांच बक्सों का ताला तोड़ डाला और उनमें से 95 हजार रुपये की नगदी समेत 11 लाख रुपये के जेवरात पार कर दिए। चोरी की जानकारी पर भुक्तभोगी परिवार में हड़कंप मच गया। बड़ी संख्या में लोग भी जुट गए। पुलिस ने सूचना पर पहुंचकर मौके की तफ्तीश की। प्रवासी की पत्नी ने चोरी की तहरीर दी है। तहरीर पर सोमवार देर शाम पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
हजरतगंज मोहल्ले के अब्दुल गनी सऊदी अरब में रहते हैं। पत्नी नगीना बेगम, अपनी दो बेटियों रहनुमा व नुरुसबा के साथ रहती हैं। रोज की तरह नगीना रविवार की देर शाम दोनों बेटियों के साथ भोजन करके घर के अंदर बने बरामदे में सोने चली गईं। सुबह इन तीनों की आंखें खुलीं तो घर का नजारा देखकर चीख निकल गई। कमरे में रखे पांच बक्सों का ताला टूटा था और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था। एक बक्सा में रखा 95 हजार रुपये और चार अन्य बक्सों में रखे अलग-अलग जेवर गायब थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी। जिसमें एक सौ अस्सी ग्राम सोना और दो किलो चांदी के जेवरात चोरी जाने की बात कही है। पुलिस की तफ्तीश में पता चला कि चोर घर के पीछे से छत पर चढ़े क्योंकि आंगन के रास्ते पर लगे लोहे का जाल का ढक्कन हटा मिला। ऐसे में साफ है कि चोर इसी के सहारे घर के अंदर दाखिल हुए होंगे।
21 नवंबर को आनी है दोनों बेटियों की बरात
बहुआ। भुक्तभोगी महिला की बेटी रहनुमा व नुरुसबा की 21 तारीख को बरात आनी है। यही वजह थी कि उसने सोने और चांदी के जेवरात बनवा कर रख लिए थे। भुक्तभोगी महिला ने बताया कि दो सोने की चेन, एक जोड़ी झुमकी, एक जोड़ी टॉप्स, चार सोने की चूड़ी, दो अंगूठी, दो जोड़ी मनचली, दो जोड़ी झुमकी, दो जोड़ी झाला, दो जोड़ी टीका, दो पीस डिस्को, दो जोड़ी मुरकी के अलावा चांदी में दो गिलास, दो कटोरी, दो चम्मच, पायल दो जोड़ी पायल, दो जोड़ी परिक्षम, दो जोड़ी चोटी फूल, दो जोड़ी शॉकबन्द, दो जोड़ी झुमर, दो जोड़ी तोड़िया बनवा कर रखे थे।